Friday, October 23rd, 2026

हरियाणा से बिहार शराब की खेप भेजने वाले दो और तस्कर गिरफ्तार, लिकर माफिया पर कार्रवाई

पटना 
शराब के बड़े धंधेबाजों के खिलाफ बिहार पुलिस की कार्रवाई जारी है। पुलिस की मद्य निषेध टीम ने शराब के बड़े तस्कर सुरमुख सिंह धारीवाल को उसके सहयोगी नीरज कुमार उर्फ शैंटी के साथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों मूलत: हरियाणा के अंबाला के रहनेवाले हैं। इनकी गिरफ्तारी गुरुवार को झारखंड के कोडरमा से हुई। इनके पास से इनोवा गाड़ी, 2.82 लाख रुपए और अन्य दस्तावेज भी बरामद किए गए। सुरमुख के बेटे पुष्पिंदर सिंह धारीवाल को फरवरी में ही गिरफ्तार कर बिहार लाया गया था।

महीने भर से झारखंड में बना रहा था अड्डा
गिरफ्त में आया सुरमुख सिंह हरियाणा के अंबाला सिटी के राजा गार्डेन नारायण गढ़ रोड का निवासी है। वहीं गिरफ्त में आया दूसरा शख्स शैंटी अंबाला का रहनेवाला है। मद्यनिषेध प्रभाग के मुताबिक सुरमुख का पंजाब और हरियाणा में शराब का कारोबार है। इसकी आड़ में वह बिहार में शराब की तस्करी करता था। पिछले दिनों पुलिस की मद्यनिषेध टीम ने पंजाब और हरियाणा के शराब सप्लायरों के खिलाफ कार्रवाई की जिससे वहां बना सिंडिकेट ध्वस्त हो गया है। सुरमुख को जब वहां से शराब भेजने में दिक्कत आने लगी तो वह झारखंड पहुंच गया। महीने भर से वह झारखंड में ही गाड़ियों की तलाश कर रहा था ताकि उनके जरिए शराब की खेप बिहार भेजी जा सके। बड़ी गाड़ियों की नीलामी में भी वह शामिल हो रहा था।

पांच जिलों की पुलिस को थी तलाश
सुरमुख, उसके बेटे पुष्पिंदर और नीरज ने बिहार में 100 से उपर शराब की बड़ी खेप भेजी थी। इनमें कुछ खेप पकड़ी गई। जांच के दौरान इनका नाम सामने आया। अबतक बिहार में उसके खिलाफ मुजफ्फरपुर, सारण, मोतिहारी, दरभंगा और पटना में मामले दर्ज हैं। पिछले महीने ही पुलिस ने पुष्पिंदर सिंह धारीवाल को पंजाब से गिरफ्तार किया था। सुरमुख के साथ गिरफ्त में आया नीरज पुष्पिंदर का बचपन का दोस्त हैं। इन तीनों ने मिलकर बिहार में शराब तस्करी का बड़ा सिंडिकेट बना लिया था। 
 

 

Source : Agency

पाठको की राय